दवा प्रतिरोधकता रोकने में पर्यावरण की अनदेखी पड़ेगी भारी

[English] दवाओं के दुरुपयोग के कारण रोगाणु (बैक्टीरिया, वायरस, फंगस, पैरासाइट आदि) दवा प्रतिरोधक हो जाते हैं जिसके कारण दवा प्रतिरोधकता (एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस या ड्रग रेजिस्टेंस) उत्पन्न हो जाती है. दवाएं बेअसर हो जाती हैं और रोग का इलाज जटिल हो जाता है या रोग लाइलाज तक हो सकता है. दवाओं का दुरुपयोग सिर्फ मानव स्वास्थ्य में ही नहीं व्याप्त है बल्कि पशुपालन और कृषि में भी व्याप्त है और पर्यावरण तक को दूषित कर रहा है.

दवाओं के अवशेष, दवा प्रतिरोधक रोगाणु और उनके जीन, प्रदूषण के जरिए पर्यावरण में फैल रहे हैं। ऐसे में दवा प्रतिरोधकता पर काबू पाने के लिए प्रदूषण के स्रोतों पर रोक, पर्यावरणीय निगरानी और पर्याप्त निवेश को, वैश्विक रणनीति का हिस्सा बनाना होगा। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम की विशेषज्ञ आइट्ज़िबेर एचेवेरिया का कहना है कि यदि दवा प्रतिरोधकता से बचना है तो पर्यावरण संरक्षण एक अनिवार्य पहल है और सफलता की बुनियादी शर्त है।

एचेवेरिया ने कहा, "दवा प्रतिरोधकता को अक्सर जन स्वास्थ्य और कृषि से जुड़ी चुनौती के रूप में देखा जाता है। बेशक, यह इन दोनों क्षेत्रों के लिए एक बड़ी चुनौती है, लेकिन इसका पर्यावरण से भी सीधा संबंध है।"

उनकी यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब वैश्विक स्तर पर यह समझ लगातार मजबूत हो रही है कि दवा प्रतिरोधकता की समस्या अस्पतालों, खेतों या स्वास्थ्य सुविधाओं तक सीमित नहीं है। दवा-प्रतिरोधी रोगाणु, रोगाणुरोधी दवाओं के अवशेष और प्रतिरोध से जुड़े जीन पर्यावरण में पहुंचकर वहां फैल सकते हैं। ऐसे में प्रदूषण पर नियंत्रण और पर्यावरण का बेहतर प्रबंधन इस खतरे को रोकने के लिए बेहद जरूरी है।

छठे वार्षिक ग्लोबल मीडिया फोरम में बोलते हुए एचेवेरिया ने कहा कि वैश्विक स्तर पर दवा प्रतिरोधकता के पर्यावरणीय पहलुओं को स्वीकार करने की दिशा में काफी प्रगति हुई है, लेकिन अब असली चुनौती इन मान्यताओं को जमीन पर उतारने की है।

वर्ष 2024 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के राजनीतिक घोषणापत्र  ने दवा प्रतिरोधकता से निपटने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के बीच समन्वित कार्रवाई की जरूरत को रेखांकित किया था। एचेवेरिया ने जोर दिया कि पर्यावरण को इस रणनीति का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए.

इस दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम दिसंबर 2025 में उठा, जब संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण सभा में सदस्य देशों ने दवा प्रतिरोधकता के पर्यावरणीय पहलुओं पर एक प्रस्ताव पारित किया।

प्रदूषण की रोकथाम स्रोत पर ही जरूरी


एचेवेरिया के अनुसार, सबसे जरूरी कदम यह है कि रोगाणुरोधी प्रदूषण को शुरुआत में ही रोका जाए, ताकि पर्यावरण में ऐसी परिस्थितियां न बनें जिनमें दवा-प्रतिरोधकता विकसित हो और फैल सके।

उन्होंने कहा, “हमें रोगाणुरोधी दवाओं के अवशेषों, दवा-प्रतिरोधी रोगाणुओं, और प्रतिरोधी जीन को पर्यावरण में पहुंचने से पहले ही रोकना होगा। इसके लिए प्रदूषण के स्रोत पर ही नियंत्रण करना जरूरी है।"

इस उद्देश्य से उन्होंने चार प्रमुख आर्थिक क्षेत्रों की पहचान की:

पहला क्षेत्र है फार्मास्युटिकल और रासायनिक विनिर्माण। इसमें औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले ऐसे अपशिष्ट और बहिःस्राव को नियंत्रित करना शामिल है, जिनमें रोगाणुरोधी दवाओं के अवशेष मौजूद होते हैं।

दूसरा क्षेत्र है कृषि और खाद्य प्रणाली। इसमें जमीन और पानी में होने वाला पशुपालन तथा फसल उत्पादन शामिल हैं। एचेवेरिया का मानना है कि अधिक टिकाऊ उत्पादन पद्धतियां अपनाकर पर्यावरण में प्रदूषण का बोझ घटाया जा सकता है।

तीसरा क्षेत्र है स्वास्थ्य सेवा प्रणाली, जहां रोगाणुरोधी दवाओं का जिम्मेदार और विवेकपूर्ण इस्तेमाल सुनिश्चित करके उनके अनावश्यक उत्सर्जन को रोका जा सकता है।

चौथा क्षेत्र है शहरी और नगरपालिका व्यवस्था। बिना उपचारित या अपर्याप्त रूप से शोधित कचरा और अपशिष्ट जल दवा-प्रतिरोध के उभरने और प्रसार को बढ़ावा दे सकते हैं।

ये चारों क्षेत्र बताते हैं कि दवा प्रतिरोधकता से निपटने के लिए अलग-अलग स्तर पर किए गए प्रयास पर्याप्त नहीं होंगे। एक क्षेत्र से पैदा हुआ प्रदूषण - मानव, पशु और पर्यावरण—तीनों के स्वास्थ्य पर असर डाल सकता है।

पर्यावरणीय निगरानी से समय रहते मिलेगी चेतावनी


प्रदूषण की रोकथाम के साथ-साथ एचेवेरिया ने पर्यावरण से जुड़े आंकड़ों, निगरानी और सूचनाओं के आदान-प्रदान को मजबूत करने की जरूरत भी बताई। इससे देशों को उभरते खतरों की समय रहते पहचान करने और उन क्षेत्रों में जरूरी हस्तक्षेप करने में मदद मिलेगी, जहां इसकी सबसे अधिक जरूरत है।

हालांकि, एचेवेरिया के मुताबिक, मजबूत साक्ष्य और बड़ी-बड़ी प्रतिबद्धताएं तब तक पर्याप्त नहीं होंगी, जब तक देश शासन और नीतिगत स्तर पर मौजूद एक बुनियादी खामी को दूर नहीं करते: राष्ट्रीय दवा प्रतिरोधक-संबंधी फैसलों में अक्सर पर्यावरण से जुड़े विभागों और संस्थाओं की भूमिका सीमित और नाममात्र रहती है।

एचेवेरिया ने कहा, “नीतियों और नियमन में बिखराव की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। यह वैश्विक स्तर पर तो जरूरी है ही, लेकिन राष्ट्रीय और स्थानीय स्तर पर और भी महत्वपूर्ण है कि कथनी और करनी में कोई फ़र्क़ न रहे और सभी वर्ग आदि कुशल समन्वयन में कार्य करें।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि राष्ट्रीय दवा प्रतिरोधकता कार्यक्रम और संबंधित-व्यवस्था में पर्यावरण से जुड़ी संस्थाओं को शुरुआत से ही औपचारिक रूप से शामिल किया जाना चाहिए। रणनीति तैयार होने के बाद केवल परामर्श के लिए उन्हें बुलाना पर्याप्त नहीं है। एचेवेरिया के अनुसार, व्यवहार में "वन हेल्थ" की अवधारणा को प्रभावी बनाने के लिए यह बेहद जरूरी है।

एचेवेरिया ने कहा कि अपशिष्ट जल शोधन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, रोगाणुरोधी दवाओं के सुरक्षित निपटान की व्यवस्था बनाना या उसमें सुधार करना, प्रयोगशालाओं और निगरानी तंत्र की क्षमता बढ़ाना तथा पर्यावरण में दवा प्रतिरोधकता से जुड़े आंकड़े जुटाना—ये सभी कदम देशों को साक्ष्य-आधारित फैसले लेने और प्रगति का आकलन करने में मदद करेंगे।

उनके मुताबिक, इस तरह के निवेश को व्यापक पर्यावरणीय कार्यक्रमों से भी जोड़ना चाहिए। इनमें प्रदूषण कम करना, पानी की गुणवत्ता सुधारना, रसायनों का बेहतर प्रबंधन, कचरे का उचित निपटान तथा टिकाऊ उत्पादन और उपभोग को बढ़ावा देना शामिल है।

इसका फायदा केवल दवा प्रतिरोधकता की रोकथाम तक सीमित नहीं रहेगा। जन-स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, जैव विविधता की रक्षा करने और जल सुरक्षा मजबूत करने जैसे कई लाभ मिल सकते हैं। इससे जलवायु परिवर्तन, प्रकृति का क्षरण और प्रदूषण के रूप में सामने आए तीन बड़े वैश्विक पर्यावरणीय संकटों से निपटने में भी मदद मिलेगी।

वैश्विक प्रतिबद्धताओं को ठोस कार्रवाई में बदलने की जरूरत पर विश्व स्वास्थ्य संगठन के विशेषज्ञ डॉ जीन-पियरे न्येमाजी ने भी जोर दिया।

उन्होंने कहा, “दवा प्रतिरोधकता, दुनिया के सामने मौजूद सबसे गंभीर वैश्विक स्वास्थ्य खतरों और विकास संबंधी चुनौतियों में से एक है। यह संक्रमणों के इलाज, पशु और पौधों के स्वास्थ्य की रक्षा तथा सुरक्षित खाद्य उत्पादन की हमारी क्षमता को प्रभावित करता है। इसका असर पर्यावरण पर भी पड़ता है।”

खतरे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2021 में केवल बैक्टीरिया से होने वाली दवा प्रतिरोधकता से 47 लाख से अधिक मौतें जुड़ी थीं। डॉ. न्येमाजी ने कहा, “ये महज आंकड़े नहीं हैं। इनके पीछे मरीज, परिवार, किसान और समुदाय हैं।”

उन्होंने आगाह किया कि इस समस्या के पीछे कई आपस में जुड़ी खामियां हैं। इनमें रोगाणुरोधी दवाओं का गलत और जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल, संक्रमण की रोकथाम के अपर्याप्त उपाय, पानी और स्वच्छता की खराब व्यवस्था तथा पर्यावरण में प्रदूषण शामिल हैं।

विश्व स्वास्थ्य संगठन मुख्यालय में वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी और बहुक्षेत्रीय समन्वय के प्रमुख डॉ केफास सैमसन ने वैश्विक रणनीतियों को राष्ट्रीय जरूरतों और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कार्रवाई में बदलने की अहमियत रेखांकित की। उन्होंने कहा कि देशों को अपनी जरूरतों का आकलन करना होगा, प्राथमिकताएं तय करनी होंगी और प्रस्तावित उपायों की लागत का हिसाब लगाना होगा। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करना होगा कि योजनाओं का क्रियान्वयन उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप हो।

उनके मुताबिक, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं और समुदाय-आधारित स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। इनके जरिए लोगों के व्यवहार में स्थायी बदलाव लाने, संक्रमण की रोकथाम मजबूत करने, बीमारी का समय रहते पता लगाने और सही समय पर उचित इलाज सुनिश्चित करने में मदद मिल सकती है।

शोभा शुक्ला - सीएनएस

(सिटीज़न न्यूज़ सर्विस)
14 नवंबर 2026

शोभा शुक्ला, नारीवादी चिंतक, स्वास्थ्य एवं विकास न्याय की प्रखर पैरोकार तथा पुरस्कृत लेखिका एवं संपादिका हैं। वे सीएनएस (सिटीज़न न्यूज़ सर्विस) की संस्थापक-संपादक हैं और सेवा-निवृत्त होने तक, लोरेटो कॉलेज में 3 दशक तक भौतिक विज्ञान की वरिष्ठ शिक्षिका रही हैं। वे 2026 में प्रकाशित पुस्तक, “जस्टिस अनबाउंड” की लेखिका हैं एवं 2025 में संयुक्त राष्ट्र के अंतर-सरकारी उच्च-स्तरीय राजनीतिक फोरम में एसडीजी-3 की प्रमुख चर्चकर्ता रही हैं। उन्हें एक्स पर पढ़ें: @shobha1shukla


प्रकाशित: